‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी के संदेशों से लोगों को मिली प्रेरणा

 


जौनपुर, 29 मार्च (हि. स.)। यूपी के जौनपुर में नगर के शास्त्री नगर मोहल्ले में रविवार को पूर्व सभासद मनीष अष्ठाना के आवास पर भाजपा नेताओं और स्थानीय निवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना और सराहा।

प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन में वैश्विक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए देशवासियों से एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करने की अपील की। उन्होंने खाड़ी देशों में भारतीयों की सहायता के लिए आभार जताया और लोगों से अफवाहों से बचने, संयम बनाए रखने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। पीएम मोदी ने लोगों से खानपान में शुगर और तेल की मात्रा नियंत्रित रखने की अपील की, साथ ही युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ उन्हें कुछ नया और सकारात्मक करने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सभासद सिपिन सिंह, पूर्व सभासद सतीश सिंह त्यागी, अमित श्रीवास्तव, डॉ. कमलेश निषाद, सुरेंद्र सिंहानिया, आशीष गुप्ता सहित अनेक भाजपा नेता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों की सराहना करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव