दिल्ली जाने के लिये घर निकला युवक नहर में डूबा, 18 घंटे बाद मिला शव
बांदा, 07 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली जाने के लिए घर से निकला एक युवक बारिश और कीचड़ के कारण पैर फिसलने से नहर में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। करीब 18 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नहर से बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव के मजरा बनई पुरवा निवासी भतीजे शिवपूजन ने बताया कि उसके 28 वर्षीय चाचा लवलेश रविवार शाम करीब चार बजे घर से पैदल अतर्रा रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे। उन्हें संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जाना था। घर से करीब चार किलोमीटर दूर रास्ते में बारिश और कीचड़ के चलते लवलेश का पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में जा गिरे और पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और देर रात तक ग्रामीणों व परिजनों के साथ युवक की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह पुलिस ने पांच गोताखोरों की मदद से दोबारा खोज अभियान शुरू कराया।
करीब सुबह 10 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर नहर से चाचा लवलेश का शव बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, युवक करीब 18 घंटे तक लापता रहा, जिसके बाद उसका शव मिला।
लवलेश के पास करीब दो बीघा जमीन थी और वह खेती करता था। इसके अलावा वह दिल्ली में रहकर प्लंबर का काम भी करता था। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। मृतक अपने पीछे पत्नी शकुंतला, मां दुलारिया और दो बेटियां श्वेता व रोहणी को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है।
थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि युवक की नहर में डूबने से मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह