नवोदय विद्यालय से लौटते समय सड़क हादसे में अधेड़ की मौत

 


औरैया, 21 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के सहार थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पुहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मृतक की पहचान अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव राऊपुर निवासी महेश कुमार के रूप में की है। वह अपने नाती का तैयापुर स्थित नवोदय विद्यालय में प्रवेश कराकर लौट रहे थे। सहार थाना क्षेत्र के अबाबर गांव के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका हेलमेट भी टूट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसआई राजेंद्र और सिपाही दिनेश चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक सवार पीयूष का इलाज जारी है। महेश के साथ उनकी बेटी शिल्पी और दामाद दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल पहुंचे। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार