ममता चैरिटेबल ट्रस्ट ने बुजुर्गों और जरूरतमंदों को बांटे कपड़े व फल

 




लखनऊ, 08 सितंबर (हि.स.)। ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रेरणास्रोत स्मृतिशेष ममता मिश्रा की 12वी पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को ट्रस्ट की ओर से कुष्ठरोग आश्रम एवं वृद्धाआश्रम में असहाय बुजुर्ग महिलाओं के बीच पहुॅचकर साड़िया, मिठाई, फल एवं भोजन का वितरण किया गया।

स्मृति शेष ममता मिश्रा की 12वी पुण्यतिथि पर मालवीय नगर, ऐशबाग लखनऊ आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन प्रारम्भ हुआ। बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की । इस अवसर पर परिवार और शुभचिंतकों द्वारा सामाजिक सेवा का संकल्प लेते हुए एक विशेष सेवा कार्य का आयोजन किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रमों एवं मंदिरों में जाकर वहाँ रह रहे बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया गया और उन्हें पौष्टिक भोजन, ताजे फल,कपड़े, मिठाइयाँ एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। बुजुर्गों के साथ कुछ समय बिताकर उनके अनुभवों को सुना गया, जिससे माहौल काफी भावुक और आत्मीय हो गया। इसके साथ ही, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ियों और सड़कों के किनारे रहने वाले अत्यंत गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच भी भोजन के पैकेट और फल बांटे गए। वृद्धाश्रम में राजीव मिश्रा ने वृद्धों को अपने हाथों से खाना खिलाया।

इस अवसर भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा ने कहा कि, ममता चैरिटेबल ट्रस्ट आज लखनऊ ही नही बल्कि पूरे देश में एक मिशाल बन गया है। ममता मिश्रा की आत्मा की शांति के लिए और उनकी सीख को जीवित रखने के लिए इससे बेहतर श्रद्धांजलि और कोई नहीं हो सकती। इस सेवा कार्य में परिवार के सदस्यों के साथ-साथ समाज के कई गणमान्य लोग और मित्रगण भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन