नाले और सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमणमुक्त कराना प्राथमिकता, कार्रवाई जारी रहेगी : नगर आयुक्त

 


कानपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। नाले और सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। यह बातें नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार काे अतिक्रमण विरोधी अभियान के संबंध में दिए निर्देशों में कही।

नगर निगम ने वार्ड-20 के नारामऊ क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर नाले और सार्वजनिक मार्ग से 22 अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई बीएसएनएल कार्यालय से इंद्रानगर मोड़ होते हुए जीटी रोड तक की गई। टीम ने नाले के ऊपर और आसपास किए गए 12 अस्थायी तथा 10 स्थायी अतिक्रमण ध्वस्त कर हटाए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थल पर लगाए गए होर्डिंग, प्रचार पैनल और अन्य अवैध प्रचार सामग्री भी हटाई गई।

अभियान अधीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें सहायक अभियंता तोता राम, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक अवधेश वर्मा और जोनल प्रवर्तन दल के सदस्य शामिल रहे। नगर निगम टीम ने कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्ग, नाले या अन्य सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा न किया जाए।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित सामग्री जब्त की जा सकती है। नगर आयुक्त ने हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए हैं, ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण, अवैध निर्माण और सार्वजनिक स्थलों के अनधिकृत उपयोग के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप