157 घंटे के सफाई अभियान में कूड़ा दोबारा जमा न हो, ऐसी व्यवस्था करें : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। 157 घंटे के अनवरत विशेष सफाई अभियान के दौरान चिन्हित स्थलों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वहां दोबारा कूड़ा जमा न हो। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सुरक्षात्मक उपकरणों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। यह निर्देश शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दिए।
शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम कानपुर ने शुक्रवार को 157 घंटे के विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। अभियान के शुभारंभ अवसर पर महापौर प्रमिला पांडेय, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जोन-6 में बगिया क्रॉसिंग से मामा तालाब तक मुख्य मार्ग पर विशेष सफाई कराई गई। करीब 50 सफाई कर्मचारियों ने अभियान में हिस्सा लिया। सफाई कार्य के लिए एक बॉबकैट, दो टाटा एस, एक जीसीबी और दो कूड़ा डंपर लगाए गए। महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई में सहभागिता की और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान एकत्र कूड़े का समय से उठान कराने के साथ उसके परिवहन और वैज्ञानिक एवं नियमसम्मत निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
अभियान के दौरान आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए संदेश दिया गया कि सफाई केवल विशेष अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नागरिकों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए। नगर निगम ने अभियान के बाद भी संबंधित स्थलों पर निरंतर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप