बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल करें, लापरवाही पर ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
जौनपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण खंड-02, लोक निर्माण विभाग की सड़कों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें मोटरेबल स्थिति में लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश से जिन सड़कों पर गड्ढे अथवा अन्य प्रकार की क्षति हुई है, वहां तत्काल आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत और ब्लैक टॉपिंग के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे बारिश खत्म होते ही ब्लैक टॉपिंग का कार्य शुरू कराया जा सके।
उन्होंने सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी। संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समयसीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि ठेकेदारों से निर्धारित समय में मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्य में लापरवाही या समयसीमा का पालन नहीं करने पर संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सड़कों से संबंधित लागत, कार्यदायी संस्था का नाम और अन्य आवश्यक सूचनाएं सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की पूरी जानकारी मिल सके।बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव