कानपुर में 10 से 15 अगस्त तक हर घर पर लहराए तिरंगा : राम किशोर साहू

 


कानपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में 10 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और वार्ड तिरंगे से आच्छादित दिखाई देना चाहिए। 'हर घर तिरंगा' अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। यह बातें बुधवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी के नगर निगम पार्षद दल की बैठक में आगामी हर घर तिरंगा अभियान, संत शिरोमणि गुरु रविदास कलश यात्रा और संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राम किशोर साहू ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने वाले युवाओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उन्हें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने लक्ष्य पर अडिग रहना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सही मार्ग पर चलने वालों के सामने बाधाएं आना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी शक्तियां युवाओं को गुमराह कर समाज में जातीय और सामाजिक विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करें।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सभी पार्षदों से संत शिरोमणि गुरु रविदास कलश यात्रा को अपने-अपने वार्डों में व्यापक स्तर पर पहुंचाने और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देने का माध्यम बनेगी।

बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि नगर निगम हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश घर-घर तक पहुंचे।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की, जबकि संचालन भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने किया। बैठक में भाजपा पार्षद दल के सभापति नवीन पंडित सहित बड़ी संख्या में पार्षद, संगठन पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि बैठक में आगामी सभी राष्ट्रीय और संगठनात्मक कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप