ऐतिहासिक धुपकली तालाब को 90 लाख से चमकाने की बड़ी तैयारी

 


हमीरपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में महोबा रोड स्थित धुपकली तालाब का 90 लाख रुपये में सुंदरीकरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। पार्क का सुंदरीकरण होने से नगर के लोगों को मनोरंजन के लिए एक नया स्थान मिल जायेगा।

राठ नगर में कुछ जगह लोगों के मनोरंजन व खानपान की एक साथ व्यवस्था नगर पालिका द्वारा कराई गई है। जिसमें नगर का सागर दर्शन पार्क प्रमुख है। जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आकर सुबह टहलने व व्यायाम करने के अलावा वहां की सुंदरता व कैंटीन में खानपान का आनंद लेते हैं। लेकिन उक्त जगह नगर के एक किनारे में होने के कारण पठानपुरा, मुगलपुरा व सिकंदरपुरा इत्यादि मोहल्ले की लोग ही इसका फायदा उठा पाते हैं। जिसको ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने नगर के महोबा रोड स्थित धुपकली तालाब का सुंदरीकरण कार्य प्रारंभ कराना शुरू किया है।

जिसमें नगर के अतरौलिया, गुलाब नगर, लुधियातपुरा सहित आधा दर्जन मोहल्ले के लोग आसानी से वहां आ जा सकेंगे।

अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने सोमवार को बताया कि तालाब में लोगों के टहलने के लिए पथवे, बैठने के लिए बेंच, चारों तरफ ग्रीन, फुलवारी, फव्वारा व स्ट्रीट फ्रूट हब बनाया जाएगा। जिससे लोग यहां आकर मनोरंजन के साथ-साथ खान-पान का भी आनंद ले सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा