संशााेधित : प्रेमानंद महाराज के शिष्य के पिता के यहां 2.90 करोड़ की चोरी, 4 आरोपित गिरफ्तार
मथुरा, 14 जुलाई(हि.स.)। जैंत थाने की पुलिस ने वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में प्रेमानंद महाराज के शिष्य के यहां 2.90 करोड़ रुपये चोरी करने के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये, एक फॉक्सवैगन वर्टस कार, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड घड़ियां, कपड़े, जूते, एप्पल, सैमसंग और वीवो कंपनी के चार मोबाइल फोन, जिम व स्विमिंग किट तथा घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार जब्त की है। चारों आरोपी पासपोर्ट बनवाकर दुबई भागने की फिराक में थे।
मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर एसएसपी श्लोक कुमार ने घटना का खुलासा किया है। आरोपिताें की पहचान फरीदाबाद निवासी रजत, कुशीनगर निवासी आलोक तथा गुजरात के सूरत निवासी प्रेम सागर और हीरेन के रूप में हुई है। एसएसपी ने बताया कि गुजरात निवासी राकेश प्रजापति का बेटा वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज जी के आश्रम में दीक्षारत है।
धार्मिक जीवन बिताने के उद्देश्य से गुजरात में 2.90 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचकर बेटे की तरह पिता राकेश प्रजापति भी सुनरख में रहने लगे थे। उन्होंने किराये पर एक फ्लैट लिया था। उनके पड़ोसी आलोक किराये पर गेस्ट हाउस चलाता है। इस कारण आलोक का उनके घर आना-जाना हो गया। उसने राकेश के यहां रखी भारी नकदी की जानकारी अपने साथियों को दे दी और चोरी की योजना बनाई। घटना वाले दिन आलोक राकेश को कुटिया निर्माण के लिए प्लॉट दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया, जबकि उसके तीन साथियों ने सुनरख स्थित फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी व बेड में रखी 2.90 करोड़ रुपये चोरी कर ली। विरोध की आशंका पर आरोपिताें ने राकेश को झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि उनकी शिकायत के बाद पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुट गई। मंगलवार को पुलिस ने सुनरख रोड के निकट हाइवे से चारों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपिताें ने दुबई जाने के लिए पासपोर्ट बनवा लिया था। चोरी की रकम से ब्रांडेड सामान और एक कार खरीदी थी। हालांकि पुलिस ने आरोपिताें को कोर्ट में पेश किया, यहां से कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
दुबई भागने की फिराक में थे चोर
एसएसपी श्लोक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चारों आरोपित चोरी की रकम से ऐश-ओ-आराम का सामान खरीदने के बाद पासपोर्ट बनवाकर दुबई भागने की तैयारी में थे। हालांकि, इससे पहले कि वे भाग पाते, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। अदालत में पेशी के बाद चारों आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Siyaram Pandey