कानपुर में चार अस्पताल सील, 9 को नोटिस
कानपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को चार अस्पतालों को सील कर और नौ अन्य को नोटिस थमाया गया। कई जगह गंभीर खामियां और फर्जी व्यवस्थाएं मिली हैं, जांच आगे भी जारी रहेगी। यह बातें शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमित रस्तोगी ने कही।
किडनी कांड के बाद शहर में स्वास्थ्य विभाग की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में जी-वन हॉस्पिटल, एमएस हॉस्पिटल, रिलैक्स हॉस्पिटल और दिव्य हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है, जबकि अनुष्का प्रांजुल हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर को सील करते हुए नोटिस थमाया गया।
इसके अलावा खाटू श्याम, मां वैष्णो, एएस मल्टी स्पेशलिटी, मोहित हॉस्पिटल, शिव हॉस्पिटल, भूमि हॉस्पिटल, केडीएम हॉस्पिटल और न्यू तुलसी हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया गया है। जांच के दौरान इन अस्पतालों में कई गंभीर कमियां पाई गईं। इनमें फायर एनओसी, बायोमेडिकल एनओसी और रिन्यूवल से जुड़ी अनियमितताएं शामिल हैं। साथ ही साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली।
चौंकाने वाली बात यह रही कि कई अस्पतालों में आईसीयू और एनआईसीयू की सुविधा के फर्जी बोर्ड लगे पाए गए, जबकि वास्तव में वहां ऐसी कोई सुविधा मौजूद नहीं थी। वहीं, कुछ हॉस्पिटल में जांच के दौरान कोई डॉक्टर तैनात नहीं मिला, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
बताते चलें कि इससे पहले सोमवार को गोल्ड और मैग्नम हॉस्पिटल तथा मंगलवार को नवजीवन और एनएस हॉस्पिटल को भी सील किया जा चुका है। इस तरह अब तक सील किए गए अस्पतालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि कल्याणपुर समेत शहर के अन्य क्षेत्रों में संचालित संदिग्ध अस्पतालों की जांच आगे भी जारी रहेगी और मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप