अयोध्या में रामलला दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव, ‘विशिष्ट दर्शन’ विकल्प हटाया गया, अब केवल सुगम और सामान्य दर्शन ही उपलब्ध
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी वेबसाइट में अहम बदलाव करते हुए ‘विशिष्ट दर्शन’ का विकल्प हटा दिया है। अब श्रद्धालुओं के लिए केवल ‘सुगम दर्शन’ और ‘सामान्य दर्शन’ की ही सुविधा उपलब्ध होगी। इस बदलाव के बाद दर्शन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और नियंत्रित बनाने की कोशिश मानी जा रही है।
अब दो तरह के ही दर्शन विकल्प
नई व्यवस्था के तहत ‘सुगम दर्शन’ में श्रद्धालुओं को रामलला, राम परिवार के साथ 6 मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलेगा। वहीं ‘सामान्य दर्शन’ में रामलला और राम परिवार के साथ अन्य प्रमुख स्थल जैसे शेषावतार मंदिर, सप्त मंदिर और कुबेर टीला भी शामिल किए गए हैं।
एक पास पर अब केवल 5 श्रद्धालु
ट्रस्ट ने दर्शन पास से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। पहले एक पास पर 8 श्रद्धालुओं को अनुमति थी, जिसे अब घटाकर 5 कर दिया गया है। इससे भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
8 मई तक सभी स्लॉट पहले से फुल
दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘सुगम दर्शन’ और ‘सामान्य दर्शन’—दोनों के स्लॉट 8 मई तक पूरी तरह बुक हो चुके हैं। ऐसे में अब श्रद्धालुओं को आगे की तारीखों के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर बदलाव
ट्रस्ट द्वारा किए गए इन बदलावों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार व्यवस्था में और सुधार की संभावना भी जताई जा रही है।
अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते ट्रस्ट को समय-समय पर व्यवस्थाओं में बदलाव करना पड़ रहा है।