ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 09 वाहन सीज, 9.49 लाख का जुर्माना वसूला
कानपुर, 02 मई (हि.स.)। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बिल्हौर क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ वाहनों को सीज कर दिया और नौ लाख उनचास हजार रुपये का जुर्माना वसूला। उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार के नेतृत्व में परिवहन, पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बिल्हौर–ककवन रोड तथा अरौल–मकनपुर मार्ग पर सघन चेकिंग की और ओवरलोडिंग पाए जाने पर मौके पर ही कार्रवाई की। यह जानकारी शनिवार को उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार ने दी।
जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बिल्हौर क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल नौ ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि नौ लाख उनचास हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री लदी मिली, जिस पर संबंधित प्रावधानों के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और संचालकों को ओवरलोडिंग के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग से सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, इसलिए नियमों का पालन आवश्यक है।
उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप