'युवराष्ट्र' की भव्य मैराथन: हनुमान सेतु से 1090 चौराहे तक दौड़ा युवाओं का हुजूम

 








लखनऊ, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 11 सितंबर के ऐतिहासिक दिन के मौके पर सड़कें युवाओं के जोश और राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आईं। 'युवराष्ट्र' की ओर से शुक्रवार को लखनऊ में एक भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौड़ में राजधानी और आसपास के इलाकों से आए बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

मैराथन का शुभारंभ ऐतिहासिक हनुमान सेतु मंदिर के सामने से हुई। दौड़ की शुरुआत होते ही युवाओं का हुजूम लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ चला, जिसका समापन गोमती नगर स्थित 1090 चौराहे पर हुआ। मैराथन के पूरे रूट पर युवाओं में गजब का उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस दौरान सभी प्रतिभागी 'युवराष्ट्र' के आधिकारिक लोगो वाली विशेष टी-शर्ट पहने हुए थे।

मैराथन के समापन पर 1090 चौराहे पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें दौड़ में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लखनऊ के विभाग प्रचारक अनिल प्रसिद्ध समाजसेवी, विनय श्रीवास्तव एवं अनिमेष उप्रेती विशरेष रुप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में युवराष्ट्र के प्रांतीय पदाधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने मंच पर मौजूद सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन 'ज्वाइन आरएसएस' के प्रांत प्रमुख अजय जोशी ने किया।

अंत में अतिथियों ने युवाओं को 11 सितंबर के ऐतिहासिक महत्व (जैसे स्वामी विवेकानंद का शिकागो भाषण) की याद दिलाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन