14 अप्रैल से सुपरफास्ट के बजाय ‘मेल एक्सप्रेस’ में संचालित होगी कुम्भ सुपरफास्ट
--ट्रेन का नंबर 12369-12370 से बदलकर 13037 -13038 हो जाएगा
मुरादाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि देहरादून से हावड़ा के बीच चलने वाली कुम्भ सुपरफास्ट 14 अप्रैल से यह ट्रेन सुपरफास्ट के बजाय ‘मेल एक्सप्रेस’ के रूप में संचालित होगी। श्रेणी बदलने से जहां यात्रियों को सुपरफास्ट सरचार्ज न लगने के कारण किराये में राहत मिलेगी, वहीं ट्रेन का नंबर भी 12369-12370 से बदलकर 13037-13038 हो जाएगा।
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि कुम्भ मेले के नाम पर वर्ष 2009 में शुरू हुई यह ट्रेन शुरुआत में हरिद्वार से हावड़ा के बीच चलती थी। वर्ष 2021 में रेलवे ने इसका विस्तार देहरादून तक कर दिया था। सप्ताह में पांच दिन चलने वाली यह ट्रेन वर्तमान में देहरादून से हावड़ा की दूरी तय करने में 29-30 घंटे का समय लेती है। एक्सप्रेस श्रेणी होने के बाद समय सारणी में फिलहाल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यात्रियों को प्रति टिकट ₹45 से 50 रुपये की बचत होगी। अभी देहरादून से हावड़ा तक का किराया सेकेंड एसी में ₹2610 व थर्ड एसी में ₹1835 लगता है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल