रामकुंड धाम से निकली महिलाओं की पवित्र कांवड़ यात्रा, गूंजा हर-हर महादेव

 




महोबा, 25 अगस्त (हि.स.)। बुंदेलखंड के प्रमुख धार्मिक स्थल भगवान श्रीराम के तीर्थ रामकुंड धाम से पिछले तीन वर्षों से चली आ रही महिलाओं की पवित्र कांवड़ यात्रा मंगलवार को प्रदोष योग में बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया। ढोल की थाप पर नाचते-गाते हुए भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया ।

जनपद मुख्यालय स्थित पवित्र तीर्थ स्थल रामकुंड धाम में स्थित उमंगेश्वर द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर के पुजारी शिवकिशोर पाण्डेय ने बताया कि कांवड़ियों ने प्रभु श्रीराम के पवित्र यज्ञ कुंड का जल भरकर पहले वहीं स्थित उमंगेश्वर ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक किया।इसके बाद आनंद विभोर कांवड़िए नगाड़ों और ढोल की थाप पर नाचते-गाते, हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए जारीगंज स्थित प्राचीन शिवालय पहुंचे, जहां महादेव को पवित्र जल अर्पित किया गया।

शिवालय में उपस्थित पुरोहित पं. दिलीप शुक्ला ने सभी कांवड़ियों का जल से शुद्धिकरण कराया और रामकुंड का धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व बताते हुए मंत्रोच्चारण के साथ जल को अभिमंत्रित कराया। आत्म अनुशासित महिलाएं पीतांबर परिधानों में सजी अपने कंधों पर कांवड़ लिए बम -बम भोले का जयघोष कर चल रही थीं, जो आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इसके साथ ही अन्य भक्त भक्तिभाव के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान हर -हर महादेव के जयकारे से माहौल भक्तिमय हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी