पुष्पवर्षा से हुआ शोभायात्रा का स्वागत, हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा महोबा
महोबा, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा में सावन के तीसरे सोमवार को नाग पंचमी के शुभ अवसर पर चौरसिया समाज समिति द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों के द्वारा जगह जगह स्टाल लगाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया है। महिलाएं हाथों में धर्म ध्वजा लेकर सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुईं।
सोमवार को चौरसिया समाज समिति द्वारा नाग पंचमी के पावन अवसर पर जनपद मुख्यालय में आयोजित शोभायात्रा में लोग हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ डीजे की धुन पर भक्त झूमते हुए शामिल हुए। मुख्यालय के पान मंडी से शोभा यात्रा प्रारंभ होकर नगर के सुभाष चौक , ऊदल चौक होते हुए विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखकर हाथों में धार्मिक पताका लेकर शामिल हुईं। समाजसेवियों के द्वारा जगह जगह स्टॉल लगाकर शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में शामिल भगवान शिव, नाग देवता समेत अन्य विभिन्न मनोहर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं हैं। चौरसिया समाज के कृष्णकांत चौरसिया ने बताया कि समाज के द्वारा हर वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। भगवान नाग देव की कृपा से घर में सुख समृद्धि, शांति बनी रहती है। इसके साथ ही पुलिस के पास स्थित नाग मंदिर में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है, जहां हजारों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण पुण्य लाभ कमाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी