महोबा-कबरई नेशनल हाईवे की एक लेन 25 दिन से बंद, व्यापारियों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

 


महोबा, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद से गुजरे कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में पचपहरा से कबरई तिराहा तक सड़क निर्माण के लिए एक लेन को बंद किए जाने से आम लोगों और खनन व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोमवार को खनन एवं क्रेशर उद्योग कल्याण समिति ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

खनन एवं क्रेशर उद्योग कल्याण समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार मिश्र ने जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम प्रभास कुमार को शिकायती पत्र सौंपा। उन्हाेंने बताया कि पचपहरा स्थित एचपी पेट्रोल पम्प से कबरई तिराहे तक डिवाइडर युक्त 2.5 किलोमीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने पर उद्यमियों की मांग पर शासन द्वारा सीसी सड़क निर्माण की अनुमति दी गई थी।

उन्होंने बताया कि बंशल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क की एक लेन बंद कर 45 दिन पूर्व काम शुरू किया गया था, लेकिन लगभग 20 दिन काम करने के बाद सड़क को उखाड़कर काम बंद कर दिया गया। विगत 25 दिनों से मार्ग पर कोई कार्य नहीं हो रहा है और एक लेन को पूरी तरह से भारी वाहनों के लिए बंद रखा गया है। यहां कबरई पत्थर मंडी में महानगरों से ग्रिट, डस्ट आदि उपखनिज लेने आने वाले हजारों भारी वाहनों का आवागमन होता है। राजमार्ग के एक लेन से आवागमन करने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है, साथ ही दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहता है। लघु उद्योग भी प्रभावित हो रहा है।

उन्हाेंने बताया कि विगत 15 दिनों में इसी मार्ग पर वाहनों के एक ही लेन पर आने-जाने से दो नवयुवकों की ट्रकों से कुचलकर मौत हो चुकी है।

समिति के पदाधिकारियों ने डीएम से अपील की कि समस्या को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को अति महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य शीघ्रता से समाप्त करने तथा निर्माण कार्य जारी रहने तक वॉलंटियर लगाकर भारी वाहनों को निकालने की व्यवस्था करने का आदेश दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी