कबरई बांध का जलस्तर दो मीटर बढ़ेगा , अधिशाषी अभियंता ने दिए मुनादी के आदेश

 

महोबा, 19 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में स्थित कबरई बांध में सिंचाई विभाग इस बार जल भण्डारण क्षमता बढ़ाने की तैयारी है। मौदहा बांध निर्माण खण्ड-प्रथम के अधिशासी अभियन्ता ने बुधवार को ग्राम प्रधान गंज और ग्राम प्रधान गुगौरा को पत्र भेजकर मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष बांध को दाे मीटर अधिक भरकर 159 मीटर तक भरा जाएगा।

जनपद के मौदहा बांध निर्माण खण्ड प्रथम के अधिशासी अभियंता विनय कुमार ने बताया कि पूर्व में विगत वर्ष में कबरई बांध का जलस्तर 157 मीटर तक भरा गया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस वर्ष बांध को 2 मीटर अधिक 159 मीटर तक तक भरा जाना प्रस्तावित है। बांध में कुल 48.54 एमसीएम जल भण्डारण होगा।

बांध को प्रस्तावित जलस्तर तक भरे जाने से ग्राम पंचायत गंज के ग्राम झिरसहेबा एवं ग्राम पंचायत गुगौरा की आबादी प्रभावित होगी। जिसके लिए विभाग के द्वारा दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधानों से गांवों में आम जनता को सूचित करने के लिए मुनादी कराई जाने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। इसके लिए दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधानों को निर्देश जारी किए गए हैं। कबरई बांध की अर्जुन सहायक परियोजना के तहत बनी अर्जुन नहर के माध्यम से लहचूरा बांध से भरा जाता है। जिससे आस पास के क्षेत्रों की हजारों हेक्टेयर जमीन सिंचित होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी