जिलाधिकारी को परिषदीय स्कूल में 214 छात्रों में सिर्फ 63 मिले, तीसरी क्लास पढा रहा था छात्र
महोबा, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महाेबा की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने गुरुवार को नगर क्षेत्र के आलमपुरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों की जानकारी ली और छात्रों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के समय विद्यालय में पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष कम छात्र उपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित कम्पोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पर वहां 214 छात्र छात्राओं के सापेक्ष मात्र 63 छात्र ही उपस्थित मिलने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रधानाचार्य को नोटिस निर्गत करने के बीएसए को निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कक्षा 3 में छात्रों को एक छात्र द्वारा पढ़ाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कक्षाध्यापक को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन योजना के तहत निर्मित किचेन का निरीक्षण कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और खाद्यान्न को कंटेनरों में रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टोर रूम में अव्यवस्थित सामग्री और विद्यालय प्रांगण में गंदगी पाए जाने पर भी उन्होंने रोष व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के निराकरण के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के समय सहायक अध्यापिका प्रियंका बाल्यकाल देखभाल अवकाश पर थीं। जिलाधिकारी ने विद्यालय में व्यवस्थाओं में जल्द से जल्द सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी