महोबा में 64 जोड़ों ने लिए सात फेरे, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

 


महोबा, 23 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कम्युनिटी हॉल में किया गया। समारोह में 64 कन्याओं का विवाह पूरे रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित वर वधुओं को संबोधित करते हुए सदर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संतोष चौरसिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए सरकार एक लाख रुपये की सहायता राशि दे रही है।

उन्होंने बताया कि इस राशि में से 64 हजार रुपये नकद कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, 21 हजार रुपये का घरेलू सामान दिया जाता है और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन, खाने-पीने व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म के समय से ही आर्थिक मदद दी जाती है, साथ ही पढ़ाई और शादी तक की व्यवस्था कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस और निशुल्क राशन योजना से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, उपनिदेशक कृषि रामसजीवन, डीसी एनआरएलएम अशोक कुमार, जिला विकास अधिकारी पंकज कुमार, सीएमओ डॉ विनय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी