चंद्रावल डैम पर 23.12 करोड़ से बनेगा दीर्घ सेतु, 50 हजार आबादी होगी लाभान्वित
-11.56 करोड़ की पहली किस्त अवमुक्त
महोबा, 01 नवंबर (हि.स.)। यूपी के जनपद की सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की बड़ी खबर सामने आई है। सदर विधायक पंडित राकेश गोस्वामी की पहल पर कबरई से रिवई मार्ग पर चंद्रावल डैम के पास दीर्घ सेतु पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य के लिए शासन द्वारा तेईस करोड़ बारह लाख अड़तीस हजार रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके बनने से 15 से ज्यादा गांवों की 50 हजार से ज्यादा आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
सदर विधायक पंडित राकेश गोस्वामी की पहल पर जनपद वासियों को बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने रविवार को बताया कि ग्रामवासियों एवं किसानों की इस बड़ी समस्या को देखते हुए उन्होंने दीर्घ सेतु के लिए निरंतर प्रयास किए, जिसके बाद शासन से यह स्वीकृति मिली है।इस सेतु के निर्माण से ग्राम शिवहार, कमलखेड़ा, बैहारी, बम्हौरी कला, बम्हौरी काजी, बारी, रैपुरा खुर्द, बरात पहाड़ी समेत लगभग 15 से ज्यादा गांवों सहित क्षेत्र के 50 हजार से ज्यादा स्थानीय आबादी लाभान्वित होगी।लंबे समय से ग्रामीण इस पहुंच मार्ग की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में आवागमन बाधित होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।यह सेतु क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा तथा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा।
विधायक ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ग्यारह करोड़ छप्पन लाख उन्नीस हजार रूपये की पहली किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस सौगात के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी