अष्टमी पर देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, मां महागौरी की पूजा कर की सुख-समृद्धि की कामना
महोबा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में शारदीय नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर देवी मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को श्रद्धालुओं ने माता के आठवें स्वरूप मां महागौरी का पूजन अर्चन कर सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही घर घर में कन्या भोज का सिलसिला शुरू हो गया। देवी पंडालों में भी भंडारे का आयोजन कर लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।
जनपद मुख्यालय स्थित बलखंडेश्वर मंदिर के महंत पंडित रविशंकर नगायच ने बताया कि मां दुर्गा की आठवीं शक्ति का नाम महागौरी है। इनका वर्ण पूर्णतः गौर है। इसकी उपमा शंख, चंद्र और कुंद के फूल से की गई है। इनकी उपासना से भक्तों के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। महागौरी की आराधना से स्त्री जातकों को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। जातक व्याधि से मुक्त रहते हैं। इनके पूजन से सभी नौ देवियां प्रसन्न होती हैं। इनका ध्यान सर्वाधिक कल्याणकारी है।
अष्टमी के अवसर पर मुख्यालय स्थित मां बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी का विधि विधान से पूजन अर्चन कर घर परिवार के साथ ही विश्व के कल्याण की कामना की। इसके साथ ही मुख्यालय स्थित छोटी चंद्रिका देवी मंदिर, विंध्यवासिनी माता मंदिर, महेश्वरी माता मंदिर समेत समस्त मंदिरों में भक्तों का जनसैलाब देखने को मिला है।
अष्टमी के दिन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा है। साथ ही घर घर में देवी स्वरूपा कन्याओं का भक्ति भाव पूजन कर कन्या भोज का आयोजन किया गया है। मंदिरों में चल रहे भंडारों में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया है। इसके साथ ही मंदिरों और देवी पंडालों में भजन मंडली ने देवी भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी