महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनायेगी ओबीसी कांग्रेस, कई राज्याें के बड़े नेता हाेंगे शामिल
लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। ओबीसी कांग्रेस देशभर में सत्यशोधक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती मना रही है। इसी क्रम में 11 अप्रैल 2026 को लखनऊ स्थित, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, तेलंगाना के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। यह जानकारी कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने गुरूवार को एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
डॉ. अनिल जयहिंद ने कहा कि महात्मा फुले ने अकेले ही सामाजिक क्रांति का बिगुल फूंका और ओबीसी, एससी, एसटी समाज को सामाजिक गुलामी से मुक्त किया। आज इस अधूरी सामाजिक क्रांति को “न्याय योद्धा” राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं।
वैज्ञानिक जाति जनगणना की मांग
डॉ. जयहिंद ने मोदी सरकार से मांग की कि देश में एक वैज्ञानिक जाति जनगणना कराई जाए, जिसमें केवल जातियों की गिनती ही नहीं, बल्कि उनकी आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक स्थिति, सरकारी नौकरियों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और नौकरशाही में हिस्सेदारी का विस्तृत डेटा एकत्र किया जाए।
जनगणना में ओबीसी की अनदेखी
उन्होंने बताया कि जनगणना के हाउसिंग फॉर्म में ओबीसी का अलग से उल्लेख नहीं है, जो यह दर्शाता है कि सरकार ओबीसी समाज की वास्तविक स्थिति को जानने और सुधारने के प्रति गंभीर नहीं है। डॉ. जयहिंद ने स्पष्ट किया कि यदि ओबीसी महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार नहीं दिया गया, तो देशव्यापी सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया जाएगा।
महिला आरक्षण विधेयक में ओबीसी महिलाओं की उपेक्षा
डॉ. जयहिंद ने कहा कि प्रस्तावित महिला आरक्षण विधेयक में ओबीसी महिलाओं के लिए कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्तावित 273 सीटों में अधिकांश सामान्य वर्ग को मिलेंगी, जिससे संसद की सामाजिक संरचना असंतुलित हो जाएगी और लोकतंत्र में समान भागीदारी का सिद्धांत कमजोर होगा।
प्रेसवार्ता में मंच पर राष्ट्रीय ओबीसी सलाहकार परिषद के सचिव जितेंद्र बघेल, ओबीसी विभाग उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज यादव व ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश मेहतो व अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन