गांधी के विचारों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ विद्यार्थियों ने दिया संदेश : प्रो. आरके द्विवेदी
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। महात्मा गांधी के स्वच्छता, सादगी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता के विचारों को वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों ने जागरूकता का संदेश दिया। यह बातें बुधवार को स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी ने गांधी जयंती सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता के दौरान कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-4, विश्वेश्वरैया यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गांधीजी एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में गांधीजी के विचारों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने विचार रखे।
पोस्टरों में स्वच्छ भारत, प्लास्टिक मुक्त परिसर, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, सतत विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई। पोस्टर प्रतियोगिता में पर्यावरण विज्ञान की अमीषा ने प्रथम, भूगोल की शुभी ने द्वितीय और बीएससी कॉम्बिनेशन की तपस्या ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया। पर्यावरण विज्ञान की अर्चना को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए चयनित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में भूगोल के मृदुलेश ने प्रथम, बीएससी कॉम्बिनेशन के स्नेहिल ने द्वितीय और बीएससी फिजिक्स ऑनर्स के नवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका, स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी और गांधीवादी मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रो. आरके द्विवेदी एवं प्रो. अंजू दीक्षित के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन और समन्वय में डॉ. द्रौपदी यादव, डॉ. शिखा शुक्ला, डॉ. शानुप्रिया और डॉ. रश्मि दुबे की भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. पीएन पाठक, डॉ. प्रबल प्रताप, डॉ. योगेश और डॉ. शिवम ओमर समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की शिक्षकों ने सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप