महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई गई
देवरिया, 09 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया गया। शहर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन महासभा के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह श्रीनेत के नेतृत्व में हुआ। समारोह की शुरुआत महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य रजनी पटेल और अलका सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वीरांगना प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह तथा जिलाध्यक्ष संगीता सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में भर्ती करीब 250 मरीजों को फल वितरित किए गए। संगठन के पदाधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। साथ ही शहर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक