बाराबंकी में एक सात सजेगा महादेवा महोत्सव
बाराबंकी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर के प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सात दिवसीय महोत्सव 06 दिसंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने साेमवार काे कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में उन्हाेंने कहा कि महादेवा धाम जनपद की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे पर्यटन विकास से भी जोड़ा जाएगा, ताकि लोधेश्वर धाम को प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा जल्द तैयार करने और स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पेयजल, बिजली, प्रकाश, सफाई, चिकित्सा और शौचालय की बेहतर व्यवस्था करने को कहा गया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तालाबों की सफाई, वाटर टैंकर, अस्थायी हैंडपंप और छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीएम ने विभिन्न विभागों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी और स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। एलईडी वैन, होर्डिंग और बैनर के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा। मनोरंजन के लिए झूले और अन्य गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने मेला समिति, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक संगठनों से आपसी सहयोग के साथ महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में सीडीओ पंकज वर्मा, एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी, एसडीएम रामनगर एवं मेला सचिव आकांक्षा गुप्ता, सीओ गरिमा पंत, निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी, अनिल शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी