राष्ट्रीय पुजारी परिषद ने आषाढ़ पूर्णिमा पर की श्री रामगंगा मैया की भव्य महाआरती
मुरादाबाद, 29 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुजारी परिषद द्वारा आषाढ़ पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) के अवसर पर बुधवार शाम को कटघर स्थित अटल घाट पर रामगंगा नदी के किनारे श्री रामगंगा मैय्या की भव्य महाआरती एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कर श्री राम गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। महा आरती और हनुमान चालीसा पाठ के बाद प्राचीन शिव राम गंगा मन्दिर, अटल घाट पर प्रसाद का वितरण किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पुजारी परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्तोगी ने कहा कि मां गंगा और उसकी सहायक नदियों के के प्रति हिंदू समाज की गहरी आस्था और श्रद्धा है परंतु सरकार और समाज के कुछ लोग इसके साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। गंगा और उसकी सहायक नदियों के सफाई के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च किया जा रहा है पर सफाई कहां हो रही है दिखाई नहीं देता सभी नदियों में सैकड़ो गंदे नाले मिल रहे हैं सरकार में बैठे अधिकारियों को दिखाई नहीं दे रहे। नदियों में रात दिन अवैध खनन हो रहा है और मुरादाबाद में बह रही श्री परशुराम गंगा में तो ऐसा लगता है कि वह केवल भैंसों के लिए ही रह गई है। सुबह से लेकर शाम तक भैंसें ही भैंसें दिखाई देती हैं।
राष्ट्रीय पुजारी परिषद मांग करता है कि रामगंगा में जानवरों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए और जो गन्दे नाले मिल रहे हैं उन्हें तुरंत बंद किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर संत महामंडलेश्वर संजय नंद गिरि महाराज, कुवंर अनिरुद्ध अग्रवाल, संजय ठाकुर, मनोज व्यास, आराधना अग्रवाल, वंदना शर्मा, सुमन रूहेला, पंडित विनोद शर्मा, पुजारी महेंद्र पुजारी, भारत, पंडित चंद्रमोहन पांडे, श्याम शुक्ला, शम्मी रस्तोगी, कैलाश भटनागर, बबलू भटनागर, अज्जू भटनागर, सतीश अग्रवाल, अनिल रस्तोगी, शिव शंकर बंसल, पीयूष अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल आदि ने भाग लिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल