'विजिट माय स्टेट' को मिला विस्तार, लखनऊ और प्रयागराज से टूर सेवाएं नियमित
लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में 'विजिट माय स्टेट' अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामनगरी अयोध्या की दिव्य आस्था और नैमिषारण्य की सनातन आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का अभियान तेज किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने 'सुगम दर्शन' सहित पांच वीकेंड धार्मिक टूर पैकेज को नियमित कर दिया है। अब श्रद्धालु लखनऊ से अयोध्या और नैमिषारण्य के साथ-साथ प्रयागराज-अयोध्या, प्रयागराज-चित्रकूट और प्रयागराज-विंध्याचल धाम की यात्रा नियमित रूप से कर सकेंगे। इन सेवाओं का लाभ इस वीकेंड से मिलना शुरू हो जाएगा।
श्रद्धालु और पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से यात्रा की बुकिंग करा सकते हैं। विशेष टूर पैकेज की बुकिंग यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से कर सकते हैं। सभी यात्रा पैकेज में समूह बुकिंग पर विशेष छूट दी जाएगी।
अब नियमित सेवा का मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया किविजिट माय स्टेट को बढ़ावा देते हुए 'सुगम दर्शन' सेवा को व्यापक जनसमर्थन के बाद नियमित कर दिया गया है। इसी क्रम में लखनऊ से नैमिषारण्य धाम के लिए संचालित एक दिवसीय यात्रा को भी नियमित किया गया है।
उन्होंने बताया कि कुंभ नगरी प्रयागराज से राम नगरी अयोध्या, चित्रकूट धाम और विंध्याचल के लिए एक दिवसीय वीकेंड टूर पैकेज को भी नियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी यात्रा में केवल दो श्रद्धालु ही बुकिंग कराते हैं, तब भी यात्रा संचालित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था को प्राथमिकता देते हुए यह सेवा बिना किसी व्यवधान के नियमित रूप से जारी रहेगी।'
सुबह लखनऊ से प्रस्थान, दिनभर रामनगरी के दिव्य दर्शन
लखनऊ से अयोध्या के लिए अब हर शनिवार और रविवार को संचालित होने वाली इस एक दिवसीय 'सुगम दर्शन' यात्रा की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे राजधानी स्थित होटल गोमती से होगी। इसके बाद वाहन 1090 चौराहे (7:45 बजे) और पॉलिटेक्निक चौराहे (8:00 बजे) से श्रद्धालुओं को लेकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगा। दिनभर अयोध्या के मंदिरों में दर्शन कराने के बाद शाम 5:00 बजे यात्रियों की लखनऊ वापसी होगी। टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से संचालित इस किफायती पैकेज का शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपए और अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपए निर्धारित किया गया है।
ललिता देवी मंदिर-बालाजी मंदिर-हवन कुंड के दर्शन
लखनऊ-नैमिषारण्य एक दिवसीय यात्रा प्रत्येक शुक्रवार लखनऊ के होटल गोमती से प्रातः 07:30 बजे शुरू होगी, जो करीब 10:00 बजे गंतव्य तक पहुंचेगी। तत्पश्चात, यात्रियों को चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी और दधीचि कुंड के दर्शन करवाए जाएंगे। लखनऊ-नैमिषारण्य यात्रा पैकेज अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा शुल्क 1,000 रुपए एवं अन्य यात्रियों के लिए 1,700 रुपए निर्धारित किया गया है।
प्रयागराज-चित्रकूट टूर पैकेज
प्रयागराज-चित्रकूट एक दिवसीय यात्रा हर शनिवार प्रातः 07:00 बजे प्रयागराज से शुरू होकर लगभग 10:00 बजे चित्रकूट पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की तपोभूमि से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर से संचालित इस पैकेज का शुल्क मात्र 1000 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
प्रयागराज-विंध्याचल टूर पैकेज
यूपीएसटीडीसी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज से विंध्याचल तक विशेष एक दिवसीय धार्मिक पर्यटन पैकेज संचालित किया जा रहा है। यह यात्रा हर शुक्रवार प्रातः 07:00 बजे प्रयागराज से शुरू होकर लगभग 10:00 बजे विंध्याचल पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी देवी के दिव्य दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर से संचालित इस पैकेज का शुल्क मात्र 600 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
प्रयागराज-अयोध्या टूर पैकेज
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज से अयोध्या तक एक दिवसीय विशेष धार्मिक यात्रा भी संचालित की जा रही है। यह यात्रा हर रविवार प्रातः 07:00 बजे प्रयागराज से शुरू होकर 10:00 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इस पैकेज का शुल्क मात्र 1000 रुपए प्रति व्यक्ति है। समूह बुकिंग पर विशेष छूट भी उपलब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन