लखनऊ काेचिंग अग्निकांड प्रदेश के लिए पीड़ादायक, सुरक्षा मानकों पर गंभीरता जरूरी : प्रकाश पाल

 


कानपुर, 23 जून (हि.स.)। लखनऊ के कोचिंग संस्थान में हुई अग्निकांड की घटना अत्यंत हृदय विदारक और पीड़ादायक है। विद्यार्थियों की असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस दुख की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करती है। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर दक्षिण के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।

लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में कई विद्यार्थियों की मृत्यु पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण ने गहरा शोक व्यक्त किया। घटना के बाद संगठन ने आज निर्धारित सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और जिला कार्यालय सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में आयोजित सभा में दिवंगत विद्यार्थियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रकाश पाल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में विद्यार्थियों का इस तरह असमय निधन होना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाएं सुरक्षा मानकों के प्रति अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता का संदेश देती हैं।

श्रद्धांजलि सभा में पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, पवन दीक्षित, एल.बी. सिंह पटेल, जितेंद्र सिंह, पप्पू पंडित, मधु तिवारी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप