विधि परीक्षा मूल्यांकन में लापरवाही के खिलाफ अभाविप का विशाल प्रदर्शन, परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) लखनऊ महानगर के नेतृत्व में बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विधि (लॉ) विद्यार्थियों की परीक्षा और मूल्यांकन में हुई घोर लापरवाही के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों आक्रोशित छात्रों और कार्यकर्ताओं के भारी दबाव के बीच अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. विद्यानंद त्रिपाठी को एक मांगपत्र सौंपा। छात्रशक्ति के इस ऐतिहासिक और उग्र आंदोलन के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय प्रशासन को अंततः झुकना पड़ा और प्रशासन ने अभाविप की सभी प्रमुख माँगों को सैद्धांतिक रूप से स्वीकार करते हुए इस पर आगामी आवश्यक कार्यवाही तत्काल संचालित कर दी है।
अभाविप अवध प्रांत के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने विश्वविद्यालय प्रशासन को संदेश देते हुए कहा कि विधि जैसे गंभीर विषय के परीक्षा परिणामों में इतनी बड़ी अनियमितता और लापरवाही सीधे हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। अभाविप इस तानाशाही और लचर मूल्यांकन प्रणाली को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों और एनएलयू की तर्ज पर यहाँ भी मूल्यांकन में सुधार करना होगा, ताकि छात्रों की प्रतिभा के साथ न्याय हो सके। आज हमारी एकजुटता ने प्रशासन को झुकने पर मजबूर किया है, और जब तक हर एक छात्र को न्याय नहीं मिल जाता, हमारी निगरानी जारी रहेगी।
अभाविप लखनऊ महानगर की महानगर मंत्री कु. सरिता पाण्डेय ने कहा कि, प्रथम सेमेस्टर के अंकों में हुई विसंगतियों की निष्पक्ष जाँच, कॉपियों का अनुभवी प्रोफेसरों से पुनर्मूल्यांकन और पुनः 70-30 की प्रणाली को लागू कराना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। जब तक प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट पूरी तरह त्रुटिहीन नहीं हो जाता, तब तक द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म की तारीख को आगे बढ़ाना ही होगा। आज छात्रों के आक्रोश के आगे प्रशासन ने माँगें मानी हैं, जो छात्र शक्ति की बहुत बड़ी जीत है।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला संयोजक अभिषेक सिंह लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष आशुतोष श्रीवास्तव, इकाई मंत्री आर्यन कुशवाहा, इकाई उपाध्यक्ष आर्यन शर्मा, सह मंत्री सौम्या शुक्ला और सह मंत्री दिव्यांश अवस्थी , केकेसी इकाई मंत्री यश श्रीवास्तव, सिटी लॉ कॉलेज इकाई मंत्री जुगुल किशोर पाण्डेय सहित प्रमुख कार्यकर्ता अभिनव मिश्र, आर्यन तोमर, सिद्धार्थ तिवारी और अनिल तिवारी मुख्य रूप से शामिल रहे। इस दौरान अभाविप के तमाम निष्ठावान कार्यकर्ताओं और विधि संकाय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी चट्टानी एकजुटता का प्रदर्शन कर इस आंदोलन को ऐतिहासिक सफलता दिलाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा