चीनी-इथेनॉल के नाम पर किसानों के साथ हो रहा अन्याय, मामले की हो जांच : सुनील सिंह

 


लखनऊ, 05 सितंबर (हि.स.)। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने केंद्र सरकार की चीनी और इथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान गन्ना पैदा करता है, मिलें उसी गन्ने से चीनी और इथेनॉल बनाकर कमाई करती हैं, लेकिन किसान को अपने ही गन्ने के भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ता है। सरकार को बताना चाहिए कि चीनी और इथेनॉल से होने वाले आर्थिक लाभ में किसान का हिस्सा कहां है।

सुनील सिंह शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक चीनी और इथेनॉल नीति के तहत हुए पूरे आर्थिक लेन-देन का हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए। जांच में यह भी सामने आना चाहिए कि इस नीति से किसे कितना आर्थिक लाभ मिला और किसानों के हिस्से में कितना आया।

चीनी आयात पर भी उठाए सवाल

लोकदल अध्यक्ष ने चीनी के आयात पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि जब देश में पर्याप्त गन्ना उत्पादन और चीनी मिलें मौजूद हैं तथा उसी गन्ने से इथेनॉल का उत्पादन भी हो रहा है, तो विदेश से चीनी आयात करने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी आयात की आड़ में यदि किसी तरह का कमीशन या आर्थिक लाभ लिया जा रहा है तो उसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आयात की प्रक्रिया, कीमत, बिचौलियों और कथित कमीशन का पूरा हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। यदि किसी स्तर पर अनियमितता, मिलीभगत या किसानों के हितों से खिलवाड़ सामने आता है तो जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

'किसान की मेहनत से किसी और की तिजोरी क्यों भरे'

सुनील सिंह ने कहा कि किसान खेत में खून-पसीना बहाकर गन्ना पैदा करता है, लेकिन भुगतान के लिए उसे इंतजार करना पड़ता है। दूसरी ओर उसी गन्ने से चीनी और इथेनॉल का कारोबार करने वालों के मुनाफे के रास्ते बढ़ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी व्यवस्था आखिर किसके हित में है।

उन्होंने कहा कि लोकदल कुछ चुनिंदा कारोबारियों के बजाय किसानों के हित में राजनीति करता है। पार्टी गन्ना किसानों को लाभकारी मूल्य, समय पर पूरा भुगतान और चीनी-इथेनॉल से होने वाले अतिरिक्त लाभ में न्यायसंगत हिस्सेदारी दिलाने की मांग करती है।

सुनील सिंह ने कहा कि लोकदल इस मुद्दे को गांव-गांव और किसानों के बीच ले जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत से किसी और की तिजोरी भरने की व्यवस्था को पार्टी स्वीकार नहीं करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा