जलालगंज में 6 मार्च से शुरू हाेगा शटल एक्सप्रेस का ठहराव
जौनपुर, 03 मार्च (हि.स.)। लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस (20401/20402) का ठहराव अब जाैनपुर जिले के जलालगंज रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित हो गया है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह ठहराव 6 मार्च से प्रभावी होगा। इस निर्णय से जलालगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज ने लोकसभा के प्रश्नकाल के दौरान इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने रेल मंत्री को लिखित पत्र सौंपकर जलालगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता बताई थी। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के जलालगंज व आसपास के ग्रामीण अंचलों के यात्रियों को लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है।
मंगलवार को उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर 20401/20402 लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस के जलालगंज स्टेशन पर ठहराव की पुष्टि की गई। आदेश जारी होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई ; 6 मार्च को सांसद प्रिया सरोज जलालगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
इस ठहराव से लखनऊ और वाराणसी के बीच नियमित यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को अब लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव