लखनऊ : नहर से दो युवकों के शव बरामद, शिनाख्त में जुटी पुलिस
लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मानकनगर थानाक्षेत्र में बुधवार को नहर से दो युवकों की लाश बरामद हुई हैं। मृतकों की पहचान के साथ घटना की जांच में पुलिस जुट गई है।
मानक नगर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह सूचना प्राप्त हुई कि कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में फंसे हुये दो शव दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा शवों को नहर से बाहर निकलवाया गया। दोनों शव पुरुषों के हैं, जिनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतकों की उम्र क्रमशः 40 वर्ष एवं 20 वर्ष प्रतीत हो रही है। करीब 20 वर्षीय युवक अज्ञात के दाहिने हाथ पर “महाकाल” लिखा हुआ (टैटू) है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए मोर्चरी भिजवाया गया। मृतकों की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक