मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में मंगला आरती का होगा लाइव प्रसारण

 


मथुरा, 04 सितम्बर(हि.स.) भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा जिला प्रशासन ने श्रीबांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों को व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों और सीमित परिसर क्षमता को देखते हुए मंदिर के भीतर केवल 600 श्रद्धालुओं को पास के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। पूर्व की घटनाओं से सबक लेते हुए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया मंदिर के भीतर सीमित स्थान होने के कारण इस बार मंगला आरती (रात्रि 1ः55 बजे) का पहली बार सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) किया जाएगा। इसके लिए पूरे वृंदावन नगर में प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि बाहर मौजूद श्रद्धालु भी सुगमता से लाइव दर्शन कर सकें।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, अनावश्यक भीड़ या ज़िद न करें और बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के खंभों व पोल के आसपास न खड़े हों। किसी भी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को सूचित करने का आग्रह किया गया है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी देशवासियों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और सुगम दर्शन की कामना की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार