गंभीर बीमारियों को रोकने के लिए जरुरी है समय-समय पर जांच : डॉ. महेश चन्द्र
कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। शारीरिक मेहनत से दूरियां बनाना व अनियमित निद्रा एवं भोजन से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे शुरुआत में छोटी-छोटी बीमारियां आती हैं और आमतौर पर इलाज होने से कुछ दिनों के लिए राहत मिल जाती है, लेकिन एक निश्चित अवधि के बाद यही बीमारियां गंभीर बीमारियों का जन्म ले लेती हैं। ऐसे में गंभीर बीमारियों को रोकने के लिए समय-समय पर जांच बेहद जरुरी है। यह बातें शनिवार को प्रेस वार्ता के जरिये रविवार को होने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर की जानकारी देते हुए डॉ. महेश चन्द्र ने कही।
लायंस क्लब कानपुर गैंजेस द्वारा केयर अस्पताल के सहयोग से रविवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के विषय में शनिवार को संस्था के अध्यक्ष लायन धनंजय जैन ने चिकित्सकों संग जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती लापरवाही और समय पर जांच न कराने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में आमजन को सुलभ, भरोसेमंद और निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए बड़ी जरूरत बन चुका है। इसी उद्देश्य से लायंस क्लब कानपुर गैंजेस द्वारा केयर अस्पताल के सहयोग से एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सरिता पोद्दार की पावन स्मृति में रविवार को केयर अस्पताल परिसर,-2 स्क्वायर के पास, बड़ा चौराहा, क्राइस्ट चर्च कॉलेज के सामने आयोजित होगा।
शिविर का कुशल निर्देशन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीके कपूर द्वारा किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग कपूर उपस्थित रहेंगे। शिविर में बीएमडी, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शरीर में ऑक्सीजन स्तर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की जाएगी।
इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट एवं सीटी स्कैन पर 30 प्रतिशत की छूट तथा हृदय संबंधी जांच जैसे टीएमटी, एंजियोग्राफी और 2D इको पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। हृदय, श्वास, पेट एवं लीवर, मस्तिष्क, हड्डी-जोड़-रीढ़, दंत रोग एवं स्त्री रोग से संबंधित निःशुल्क परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।इस दाैरान डाॅ. बीके कपूर, निदेशक विकास अग्रहरि, डाॅ. अमित कुमार, कंचन कपूर आदि माैजूद रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप