मुरादाबाद : चार दिन से भीषण गर्मी झेल रहे नगरवासियों को बूंदाबांदी ने पहुंचाई राहत

 


मुरादाबाद, 11 जून (हि.स.)। जनपद में गुरुवार को हुई हल्की-फुल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। लगातार चार दिन से भीषण गर्मी झेल रहे नगर वासियों को आज की बूंदाबांदी ने मामूली सी राहत दी।

राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में हुई बूंदाबांदी से मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो बीते सप्ताह से औसतन तापमान से तीन-तीन डिग्री कम है।

मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह के अनुसार, गुरुवार अर्द्धरात्रि में 1 से 2 घंटे की मूसलाधार बारिश होगी लेकिन शुक्रवार को धूप निकलेगी। वहीं शनिवार को फिर बूंदाबांदी के आसार हैं।

मुरादाबाद जनपद में गुरुवार तड़के चार बजे आधा घंटा की बूंदाबांदी हुई और उसके बाद आसमान में कुछ देर बादल छाए रहे और हवा चलती रही। इसके बाद 10 बजे के लगभग तेज धूप निकल आई जो दोपहर 1 बजे तक लोगों को गर्मी से परेशान करती रही। इसी बीच अचानक फिर बादल छा गए और आधे घंटे की मामूली बूंदाबांदी हुई। दो बार हुई बूंदाबांदी से मुरादाबाद के लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल