निर्धारित दर से महंगी यूरिया बेचने पर चार खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
औरैया, 04 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद संबंधित दुकानों पर उर्वरकों के क्रय-विक्रय पर भी रोक लगा दी गई है।
सहायक विकास अधिकारी की जांच में विवेक खाद भंडार घसारा, शुक्ला खाद भंडार घसारा, राजपूत खाद भंडार घसारा और आदर्श खाद भंडार, अबावर (सहार) द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने चारों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए।
इसके अलावा 3 अगस्त को आशीष ट्रेडर्स, भारत खाद भंडार और पवन खाद भंडार (दिबियापुर) पर भी आकस्मिक छापेमारी की गई।
जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने सभी उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं को स्टॉक व रेट बोर्ड प्रतिदिन अपडेट रखने, स्टॉक व बिक्री रजिस्टर नियमित संधारित करने तथा प्रत्येक बिक्री पर किसानों को कैश रसीद देना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की बिक्री केवल शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही की जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपदभर में उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ निरीक्षण और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) भी खाद प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में वर्तमान में यूरिया 18,684 मीट्रिक टन, डीएपी 7,143 मीट्रिक टन और एनपीके 3,753 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जिससे किसानों को आवश्यकता के अनुसार खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार