ठाकुरद्वारा के रामपुर बलभद्र में फिर दिखा तेंदुआ, लोगों में बढ़ी दहशत

 


मुरादाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के थाना भगतपुर के गांव रामपुर बलभद्र में शनिवार दोपहर फिर से एक तेंदुआ दिखाई दिया। जिससे ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस ने तेंदुए का वीडियो बनाया उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लेकिन वन विभाग की टीम गांव में नहीं पहुंची।

तेंदुए के डर से ग्रामीण घरों में कैद रहे और तेंदुओं की गतिविधियों काे देखते रहे। दाे दिन पूर्व गुरुवार की रात में भी गांव में तेंदुआ दिखाई दिया था।

वायरल वीडियो में तेंदुआ गांव की सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। करीब आठ महीने पहले एक तेंदुए ने इस गांव के पास स्थित मानपुर दत्तराम के जंगल में धान काट रहे किसानों पर हमला बोल दिया था और कई को घायल कर दिया था।

वन विभाग के दरोगा पीयूष जोशी का कहना है कि इसकी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है, सूचना मिलने पर जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल