मुरादाबाद: वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने केज ट्रैप के माध्यम से किया पंद्रहवें तेंदुए का रेस्क्यू
- बीते माह में जनपद में तेंदुए ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को बनाया है अपना निवाला
-संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 16 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के तहसील कांठ क्षेत्र स्थित ग्राम रामसराय भांकरी में बुधवार शाम एक तेंदुआ ट्रैप केज के माध्यम से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया हैं। जनपद में पिंजरे के माध्यम से रेस्क्यू किया जाने वाला यह पंद्रहवां तेंदुआ है। उसे देखने के लिए ग्रामीणाें की भीड़ जुटी थी। बीते माह में ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए ने तीन महिलाओं सेमत चार लोगों को अपना निवाला बनाया है।
जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। साथ ही प्रशासनिक स्तर से पूरे संवेदनशील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामों ने सतर्कता एवं जागरूकता के लिए चौपालें आयोजित की जा रही हैं। पूरे संवेदनशील क्षेत्र से अब तक 15वें तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।
वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मुरादाबाद के तहसील कांठ क्षेत्र के ग्राम रामसराय भांकरी में बुधवार को एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो जाने की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया। तेंदुए के पिंजरे में कैद हो जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब उसके शारीरिक परीक्षण के बाद घने जंगल में छाेड़ा जाएगा, ताकि वह दाेबारा गांव की ओर न आ सके।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल