बकरी चरा रहे किशोर पर तेंदुए ने किया हमला

 


लखीमपुर खीरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। भीरा वनरेंज क्षेत्र के शंकरपुर गांव में शनिवार सुबह एक तेंदुए ने 16 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया। इस हमले में शंकरपुर निवासी अभिषेक पुत्र विद्यासागर घायल हो गया। घटना सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई। पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार अभिषेक सुबह गांव के बाहर बकरी चराने गया था, तभी खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। किशोर की चीख-पुकार सुनकर पास में गन्ने की गुड़ाई कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। ग्रामीणों के शोर से घबराकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया, जिससे किशोर की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। घायल अभिषेक को उसके परिजन तुरंत बिजुआ सीएचसी ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

भीरा वनरेंज के वन क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि बकरी चराने गए 16 वर्षीय किशोर पर तेंदुए ने हमला किया था। उन्होंने बताया कि किशोर को केवल हल्की खरोंचें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

कुमार ने आगे बताया कि घटना के बाद से वन विभाग की टीम अलर्ट पर है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल और गन्ने के खेतों के पास अकेले न जाएं, बच्चों को बाहर न भेजें और शाम होने से पहले अपने घरों में लौट आएं। तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की सलाह दी गई है। इस घटना के बाद से शंकरपुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव