देवरिया में लापरवाही पर लेखपाल निलंबित, दो अन्य के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरु

 

देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के सलेमपुर तहसील प्रशासन ने शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। राजस्व निरीक्षक क्षेत्र भटनी में तैनात लेखपाल समीर सिद्धार्थ को निलंबित कर दिया गया है, जबकि लेखपाल धीरेन्द्र कुमार और शशिकांत यादव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बुधवार काे बताया कि 26 मई को तहसील सभागार में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान तहसीलदार ने लेखपाल समीर सिद्धार्थ को अपने क्षेत्र में जाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि उन्होंने निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया और अधिकारियों से बहस की। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गई थी ।

उन्होंने बताया कि तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में समीर सिद्धार्थ पर राजस्व कार्यों में लापरवाही, अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता तथा शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता के आरोप लगाए गए। रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो (भू-लेख) कार्यालय सलेमपुर से संबद्ध किया गया है, जहां उन्हें प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। उन्होंने बताया कि लेखपाल धीरेन्द्र कुमार और शशिकांत यादव के खिलाफ क्षेत्र में निवास न करने, शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने की शिकायतें मिली थीं। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच तहसीलदार अलका सिंह को सौंपी गई है।

एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करना होगा। उन्होंने बताया कि शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है तथा जांच पूरी होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक