भगवत गीता और आधुनिक विज्ञान से सीखें नैतिकता व अनुशासन : डॉ. संजीव गुप्ता
कानपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नए सत्र के कृषि एवं वानिकी के 238 छात्र-छात्राओं के लिए 14 दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और आधुनिक शिक्षा के साथ कौशल विकास की जानकारी दी जाएगी। यह बातें शनिवार को कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार ने की। प्रोफेसर डॉ. उमानाथ शुक्ला ने अधिकारियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में भगवद्गीता और आधुनिक विज्ञान के संदर्भ से विद्यार्थियों को नैतिक गुणों, अनुशासन और सर्वांगीण विकास का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन में अच्छे संस्कार और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि 24 अक्टूबर से छह नवंबर तक चलने वाले कार्यक्रम में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने से विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के शोध निदेशक डॉ. महक सिंह ने संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बीज निदेशक एवं जेनेटिक्स तथा प्लांट ब्रीडिंग विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार यादव ने विद्यार्थियों को एकाग्रता, नियमितता और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर ने शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन दिया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत 14 दिनों में विशेषज्ञों के करीब 28 व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्राचीन और धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उन्हें शैक्षणिक ज्ञान के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमानाथ शुक्ला और डॉ. राजीव कुमार ने किया। इस दौरान डॉ. एमजेड सिद्दिकी, डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. रजत मिश्रा, डॉ. विकास सिंह, डॉ. विनीत धीर, डॉ. राहुल शर्मा, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. सूर्यांशी बाजपेई, डॉ. भारतेन्दु, डॉ. नाहीदा, डॉ. विधु और डॉ. अनन्या सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप