लखनऊ के बीकेटी इलाके में पांच अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, पारा में दाे व्यावसायिक निर्माण सील

 

लखनऊ, 28 जुलाई (हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मंगलवार को बीकेटी क्षेत्र में अभियान चलाकर लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। वहीं, पारा थानाक्षेत्र में एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे दाे अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-तीन एवं जोन-पांच की टीम ने की।

प्रवर्तन जोन-पांच के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि बीकेटी के ग्राम-भैसामऊ में अभियान चलाया गया। इस दौरान वारिस खान, राम औतार प्राॅपर्टीज, राहुल यादव, मुकेश वर्मा, राम सागर यादव, सुरेन्द्र कुमार व अन्य द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-तीन के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि गौरव यादव व अन्य द्वारा पारा में आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट के आगे लगभग दाे हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी तरह प्रहलाद, पंचम पाल व अन्य द्वारा पारा के पूर्वीदीन खेड़ा में लगभग आठ साै वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भूतल पर दुकानें व प्रथम तल पर कमरों का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त अवैध निर्माण कार्यों को प्रवर्तन टीम द्वारा सील कर दिया गया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन