यूपी में कानून व्यवस्था नियंत्रित, अपराधियों की कोई जाति नहीं: रमेश मिश्रा
जौनपुर, 31 मई (हि. स.)। यूपी के जौनपुर में रविवार को बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के लिए कानून व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण विषय होता है और योगी सरकार इस मोर्चे पर प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
विधायक ने कहा कि पिछली सरकारें कानून व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रित करने में सफल नहीं रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी वर्ष होने के कारण विपक्ष सरकार की छवि खराब करने का षड्यंत्र कर रहा है। उनके अनुसार, हाल के समय में सामने आए अधिकांश मामलों में शामिल करीब 70 प्रतिशत अपराधियों का संबंध समाजवादी पार्टी से रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एनकाउंटर, संपत्तियों की कुर्की और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई के कारण अपराधियों में कानून का भय बना है।
विधायक ने कहा कि कुछ युवा प्रलोभन में आकर गलत रास्ते पर जा रहे हैं, जिससे अपराध की घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि सरकार कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपित रवि यादव के एनकाउंटर के बाद परिजनों द्वारा उठाए गए जातिगत सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक मिश्रा ने कहा कि सरकार की नजर में अपराधी की कोई जाति नहीं होती। चाहे वह ठाकुर, ब्राह्मण, यादव या किसी अन्य बिरादरी से हो। अपराध करने पर उसके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाती है। सरकार की नीति स्पष्ट है कि अपराधी सिर्फ अपराधी होता है और उसके विरुद्ध कार्रवाई जाति देखकर नहीं, बल्कि अपराध के आधार पर की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव