स्कूल चलो अभियान का डीएम, महापौर, विधायकगण आदि ने झण्डी दिखाकर किया शुभारम्भ
--जिले में कोई भी बच्चा ड्रॉप आउट ना रहे, सभी का हो प्रवेश: डीएम
प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स)। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संगमनगरी में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ बुधवार को जिला पंचायत सभागार में महापौर गणेश केसरवानी और डीएम मनीष कुमार वर्मा ने किया। इस मौके पर जिले के कई विधायकगण, सीडीओ हर्षिका सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार मौजूद रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि यह अभियान पूरे 15 दिन तक चलेगा। जो 03 साल तक के बच्चे हैं वह आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत होंगे जबकि 06 साल तक के बच्चों का एडमिशन बेसिक स्कूलों में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कक्षा 05 पास करने वाले बच्चों का कक्षा 06 में उच्च प्राथमिक विद्यालयों में और कक्षा आठ पास करने वाले बच्चों का एडमिशन कक्षा नौ में और कक्षा 10 पास करने वाले बच्चों का एडमिशन कक्षा 11 में कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कोई भी बच्चा ड्रॉप आउट ना रहे और सभी बच्चे विद्यालयों में इनरोल हो जाएं, इसी उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि जनजागरुकता का व्यापक कार्यक्रम प्रत्येक स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबको यही संदेश देना है कि कोई भी बच्चा आउट ऑफ स्कूल ना रहे। शासन और प्रशासन लगातार स्कूलों को बेहतर करने की कोशिश कर रहा है। शिक्षक भी अपनी पूरी मेहनत से गुणवत्ता के साथ पठन-पाठन करा रहे हैं।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि आज सरकारी स्कूल भी प्राइवेट स्कूलों से किसी तरह से कमतर नहीं हैं। क्योंकि यहां पढ़े-लिखे और परीक्षा पास करने के बाद योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग अपने बच्चों का एडमिशन सरकारी स्कूलों में ही कराएं।
इस कार्यक्रम में जहां लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की शिक्षा के क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं लोगों को शिक्षा के महत्व से भी रूबरू कराया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। वहीं दूसरी ओर नौनिहालों को भी पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
स्कूल चलो अभियान के तहत जिला पंचायत सभागार से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली को महापौर, डीएम, विधायकगण हर्षवर्धन बाजपेई, राजमणि कोल, सुरेन्द्र चौधरी, सीडीओ हर्षिका सिंह, बीएसए अनिल कुमार आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संचालन डॉ प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम मे मिड डे मील समन्वयक राजीव कुमार त्रिपाठी, डीसी विकास पाण्डेय, मनीष कनौजिया, जनार्दन द्विवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र