हाईकोर्ट के निर्देश के बाद महापौर ने सपा पार्षद ललित किशोर तिवारी को दिलाई शपथ

 


लखनऊ, 24 मई (हि.स.)। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने रविवार को नगर निगम मुख्यालय में फैजुल्लागंज वार्ड से ललित किशोर तिवारी को पार्षद पद की शपथ दिलाई। हाईकोर्ट से केस जीतने के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने सपा पार्षद ललित किशोर तिवारी को शपथ दिलाई।

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ललित किशोर तिवारी को शपथ ना दिलाने के कारण लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल के सभी वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। इसके बाद रविवार को मेयर ने सपा पार्षद को शपथ दिलाई।

निकाय चुनाव 2023 में सपा प्रत्याशी ललित किशोर तिवारी भाजपा के प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला से चुनाव हार गए थे। प्रदीप शुक्ला ने हलफनामे में अपनी दूसरी शादी की बात छुपाई थी। कोर्ट में हलफनामे को चुनौती दी गई। अंततः कोर्ट ने प्रदीप शुक्ला का निर्वाचन रद्द कर दिया और ललित को पार्षद घोषित करने का आदेश दे दिया। पार्षद ललित किशोर तिवारी ने हाईकोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि हमें न्याय मिला है। जनता की समस्याओं को उठाने का प्रयास करूंगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन