महायज्ञ में भाग लें, पाएं पुण्य और लक्ष्मी-नारायण की कृपा : श्रीजीयर स्वामी
- विप सभापति मानवेंद्र और परिवहन मंत्री दयाशंकर ने स्वामीजी का लिया आशीर्वाद
- बिहार के परिवहन मंत्री और भोजपुर विधायक को अंगवस्त्र देकर किया सम्मान
अयोध्या, 26 मार्च (हि.स.)। राजघाट अयोध्या में चल रहे श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ में श्रीजीयर स्वामी ने प्रवचन के दौरान कहा कि श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ में भाग लेने से मनुष्य को महान पुण्य की प्राप्ति होती है। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने से कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं और पूरे परिवार पर लक्ष्मी-नारायण की कृपा बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागिता कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।
इसी आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य महायज्ञ में देशभर से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति मानवेंद्र सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यज्ञ स्थल पहुंचकर स्वामी जी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई विधायक भी उपस्थित थे। बिहार के परिवहन मंत्री निराला तथा भोजपुर विधायक राधा चरण सेठ को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आकर्षित कर रही यज्ञ स्थल की भव्यता, पूर्णाहुति पर आसमान से बरसेंगे फूल
28 मार्च को यज्ञ की पूर्णाहुति को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह से देर रात तक भक्त स्वामी जी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दूर से ही यज्ञ स्थल की भव्यता लोगों को आकर्षित कर रही है। यज्ञ को सफल बनाने में वीरेंद्र दुबे, मलू उपाध्याय, राहुल सिंह, कमलेश सिंह, बच्चा दुबे और लक्ष्मण तिवारी सहित कई लोग जुटे हुए हैं। मीडिया प्रभारी अखिलेश बाबा ने बताया कि पूर्णाहुति के दिन 09 हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा की जाएगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संपूर्ण कार्यक्रम की देखरेख श्री अयोध्या नाथ स्वामी द्वारा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश