प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी हर हाल में बनाना है : केशव प्रसाद मौर्य
महिला आजीविका मिशन को तेज़ करने के निर्देश, जमीनी परिणाम पर जोर
लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक व शैक्षिक उत्थान व महिलाओं की सतत आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन मे कार्य कर रही विभिन्न संस्थाओं के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक मंगलवार को उप मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय पर हुई। बैठक मे गेट फाउण्डेशन की 08 पार्टनर संस्थाओं व एच सी एल फाउंडेशन द्वारा महिला आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन हेतु किए जा रहे कार्यों का प्रजेंटेशन दिया गया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए संसाधनों, व मैनपॉवर का पूरी क्षमता व दक्षता के साथ उपयोग करते हुए युद्ध स्तर पर कार्य करें और ग्रामीण आजीविका मिशन के उद्देश्यों की हर हाल में पूर्ति करें। उन्होंने कहा की प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी हर हाल में बनाना है। केशव प्रसाद ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य, लक्ष्य व ध्येय प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी हर हाल में बनाना ही है। उन्होंने संस्थाओं के प्रतिनिधियों व अधिकारियों में नयी ऊर्जा व नये उत्साह का संचार करते हुये कहा कि सभी लोग गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाकर अपने जीवन को भी सार्थक बनाएं। निर्देश दिये कि जिन समूहों का बैंक लिंकेज अभी नहीं हुआ है, उसके लिए ठोस व प्रभावी रणनीति बनाकर त्वरित कार्यवाही करते हुए बैंक लिंकेज कराया जाना सुनिश्चित किया जाए तथा इस संबंध में जिलों को भी उचित स्तर से दिशा निर्देश दिये जायें।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य धरातल पर नजर आने चाहिए। रिजल्ट ओरिएंटेड काम होने चाहिए। सभी संस्थाएं व अधिकारी अपनी पूरी प्रतिभा का उपयोग करें और सर्वश्रेष्ठ करके दिखाएं। उन्हें हर संभव मदद की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी संस्थाएं सघनता से कार्य करने की प्लानिंग करें। लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम सुनिश्चित करें। मल्टीपल एक्टिविटी करें। आजीविका मिशन में सीआरपी की संख्या बढ़ाई जाए। एक पंचायत- एक बीसी सखी कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी हासिल करते हुए निर्देश दिए कि जो ग्राम सभाएं बड़ी हैं वहां एक से अधिक बी सी सखी बढ़ाए जाने पर भी विचार किया जाए। बताया गया बी सी सखी के कार्यों का दायरा बढ़ाया गया है, एसबीआई व बैंक ऑफ़ बड़ौदा के अलावा चार और बैंकों के साथ अनुबन्ध किया गया है।
बैठक में प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू, आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग गौरी शंकर प्रियदर्शी, मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन ने भी महत्वपूर्ण विचार / सुझाव रखे। इस अवसर पर संयुक्त मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जनमेजय शुक्ला, संयुक्त निदेशक प्रवीणानन्द, के अलावा सुधीर कुमार सिह व आजीविका मिशन व विभिन्न संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन