वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, साथी गंभीर घायल
जौनपुर ,24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादपुर गांव में रविवार सुबह सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पट्टी दयाल गांव निवासी चंचल (30) और उनका साथी विनोद रोज की तरह आज सुबह बाइक से मजदूरी करने जा रहे थे। दोनों मुरादपुर स्थित विद्युत पावर हाउस के पास फोरलेन सड़क पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में चंचल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विनोद उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन पर “व्यापार मंडल अध्यक्ष, वाराणसी” का स्टीकर लगा हुआ है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साएं लोगों ने एनएच-731 पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि मौके पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। ---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव